नई दिल्ली. विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दो और गृहमंत्री अमित शाह ने 48 रैली-रोड शो से 47 विधानसभा कवर कीं। अमित शाह ने 23 जनवरी से प्रचार शुरू किया, जबकि मोदी ने 3 और 4 फरवरी को रैली की। मोदी-शाह ने अपनी रैलियों और रोड शो के जरिए जिन 49 विधानसभा सीटों को कवर किया, उनमें से 9 पर ही भाजपा आगे चल रही है। मोदी दो विधानसभाओं तक पहुंचे, लेकिन भाजपा को एक पर ही बढ़त। इस तरह से मोदी-शाह का स्ट्राइक रेट 20% रहा। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 49 रैलियां-रोड शो कर 44 विधानसभा कवर कीं, इनमें से 35 सीटों पर आम आदमी पार्टी (आप) आगे चल रही है। मोदी-शाह की तुलना में केजरीवाल का स्ट्राइक रेट 80% रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अकेले दो और प्रियंका के साथ मिलकर दो रैलियां कीं यानी कुल चार विधानसभाएं कवर कीं, लेकिन इनमें से एक भी सीट पर कांग्रेस को बढ़त मिलती नहीं दिख रही है। इन चारों सीटों पर आप आगे चल रही है।
मोदी-शाह, केजरीवाल और राहुल-प्रियंका कों रैलियों-रोड शो से कितना फायदा?
नाम | रैली/रोड शो | विधानसभा कवर कीं | बढ़त | 2015 के नतीजे |
नरेंद्र मोदी | 2 | 2 | 1 | 1 |
अमित शाह | 48 | 47 | 9 | 1 |
अरविंद केजरीवाल | 49 | 44 | 35 | 44 |
राहुल गांधी | 4 | 4 | 0 | 0 |
प्रियंका गांधी | 2 | 2 | 0 | 0 |