जिले में रविवार सुबह छाया घना कोहरा वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया। घने कोहरे में सुबह नौ बजे तक दृश्यता 10 मीटर बनी रही। केजीपी पर यमुना पुल के पास सुबह कोहरे के चलते एक के बाद एक करीब 14 वाहन टकरा गए। हादसे में 31 लोगों को चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने बागपत पुलिस की मदद से घायलों को निकालकर अस्पताल में पहुंचाया। केजीपी पर लगातार वाहन टकराने के कारण टोल प्लाजा पर वाहनों को रोकना पड़ा और वहां से वाहन चालकों को समझाकर आगे भेजा गया। साथ ही वाहनों को सड़क से हटाकर एक तरफ किया। इस दौरान लंबा जाम लगा रहा और वाहन रेंगते हुए नजर आए।
रविवार को केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) पैरीफेरल-वे पर धुंध के कारण वाहन टकराते चले गए। केजीपी पर यमुना पुल के पास एक के बाद एक करीब 14 वाहन आपस में टकरा गए। हादसा गाजियाबाद की तरफ से आ रहे ट्रक के अचानक गति कम करने से हुआ। जिसके बाद एक के बाद पांच वाहन आपस में टकरा गए। उसके बाद तो वाहनों के टकराने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह दृश्यता भी शून्य होने के चलते वाहन आपस में टकराते चले गए।
हादसे में कार, कैंटर व ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में सोनीपत से ब्रजघाट जा रहे सोनीपत के गोहाना बाईपास की रहने वाली अनीता, रानी, बबली, शीला, छन्नो, इंद्रवती, कमला, ओमवती घायल हो गईं। वहीं नरेला निवासी गोपाल व उनकी पत्नी भी घायल हुईं। वह गाजियाबाद जा रहे थे। इसके साथ ही अन्य वाहनों में सवार किशोर गर्ग, ललित कुमार, ब्रजभूषण, राहुल, राजेश, सन्नी, दयानंद, रमेश, दिलबाग, राजबीर घायल हुए। यह खरखौदा से गढ़ जा रहे थे।
दोनों जिलों की टीमों ने स्थानीय लोगों व वाहन सवारों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों से सवारियों को निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने वाहनों को धकेलकर मार्ग से हटाया। बाद में क्रेन मंगवाकर वाहनों को हटाया गया। केजीपी पर हुए हादसे के बाद लंबा जाम लग गया था। कड़ी मशक्कत के बाद जाम की स्थिति को दूर किया गया।
राहगीरों ने की घायलों की मदद
देश के सबसे हाईटेक ईस्टर्न पैरीफेरल एक्सप्रेस वे पर रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। रविवार सुबह घने कोहरे के कारण हरियाणा की तरफ से आ रहे वाहन यमुना पुल के पास टकरा गए। चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला।
टोल प्लाजा पर रोकने पड़े वाहन
यमुना के पास हुए हादसे के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों को रोकना पड़ा। टोल कर्मियों ने वहां पर वाहन चालकों को समझाकर आगे भेजना पड़ा। जिससे उन्हें बताया गया है कि कोहरे में हादसा होने के चलते कई वाहन टकरा गए हैं। उन्हें हाईवे से एक तरफ खड़ा किया गया है। वाहन चालकों को एहतियात बरतते हुए आगे जाने को कहा गया है।
क्रेन मंगवाकर वाहनों को मार्ग से हटवाया
कोहरे से बढ़ी ठंड, तापमान 7 डिग्री तक पहुंचा
कोहरे के कारण जिले का तापमान भी कम हो गया। सुबह सूर्य भी दस बजे के बाद ही दिखाई दिया। जिससे लोगों को ठंड का एहसास अधिक हो रहा था। इसके चलते ठिठुरन बढ़ गई हैं। बढ़ती ठंड के चलते रविवार को लोग घरों में ही दुबके रहे। जिले में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यमुना पुल के पास सुबह कोहरे के चलते काफी संख्या में वाहन आपस में टकरा गए थे। तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता दी गई। बागपत पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही वाहनों को सडक़ से हटाया गया। क्रेन मंगवाकर वाहनों को हाईवे से हटाने के बाद जाम की स्थिति को दूर किया जा सका।-रवींद्र कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।